Breaking News :
govt-ads

दहेज मांगने वाले दूल्हे पक्ष को सबक सिखाने वाले मेरठ के परिवार को सलाम कर रहा है सोशल मीडिया

Blog
 Image

मेरठ। समाज में दहेज जैसी कुप्रथा के खिलाफ एक परिवार के अनोखे और साहसिक विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले का है, जहां दहेज में कार की मांग करने वाले वर पक्ष को वधू पक्ष ने ऐसा सबक सिखाया, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। लड़की वालों ने शादी की रस्म के दिन बाजार से बच्चों के खेलने वाली प्लास्टिक की एक खिलौना कार मंगाई और दूल्हे के पिता के हाथों में थमाते हुए रिश्ता तोड़ने का ऐलान कर दिया। जानकारी के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र का है। करीब पांच महीने पहले यहां के एक परिवार ने अपनी बेटी का रिश्ता भावनपुर इलाके के एक गांव निवासी युवक के साथ तय किया था। रिश्ता पक्का होने के बाद दोनों परिवारों की रजामंदी से सगाई की रस्म भी संपन्न हुई थी, जिसमें लड़की पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार नकदी और अन्य उपहार दिए थे। सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा था और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था।

लड़की पक्ष के आरोपों के मुताबिक, कुछ दिन पहले उनके परिवार की एक जमीन बिकी थी। जैसे ही इस बात की भनक लड़के वालों को लगी, उनके सुर बदल गए और उन्होंने दहेज में कार की डिमांड रख दी। वधू पक्ष के लोगों ने उन्हें काफी समझाने की कोशिश की और अपनी असमर्थता जताई, लेकिन वर पक्ष अपनी जिद पर अड़ा रहा। इसके बाद शनिवार, 29 नवंबर को लड़की वालों के घर 'लाल खत' की रस्म होनी थी। वधू पक्ष ने इस रस्म के बहाने लड़के वालों को अपने घर बुलाया। वर पक्ष के लोग सुबह से ही लड़की वालों के घर पहुंच गए थे। सुबह से दोपहर हुई और फिर शाम से रात हो गई, लेकिन रस्म शुरू नहीं की गई। वायरल वीडियो में लड़की पक्ष के लोग यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि लड़के वाले सुबह से आए हुए हैं और अब रात के 10 बज चुके हैं। इसी बीच, परिवार का एक सदस्य हाथ में प्लास्टिक की खिलौना कार लेकर आता है और उसे दूल्हे के पिता को थमाने लगता है। कार देते हुए वधू पक्ष के लोग तीखा तंज कसते हुए कहते हैं, "तुम्हें इंसान की जरूरत नहीं थी, तुम्हें कार चाहिए थी। हमने तुम्हें स्कॉर्पियो दे दी है, अब इसे चलाना।" इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट शब्दों में सगाई वापस करने और शादी रद्द करने की घोषणा कर दी। जिस घर में शादी की खुशियां और रस्में होनी थीं, वहां से दहेज लोभियों को आईना दिखाते हुए रिश्ता खत्म कर दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर प्रसारित हो रहा है। यूजर्स दहेज के खिलाफ लड़की पक्ष के इस बेबाक कदम की सराहना कर रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस या दोनों में से किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।