Breaking News :
govt-ads

देहरादून: हरिद्वार कुंभ-2027 में लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगी नेत्र सेवा, सीएम धामी ने किया नेत्र कुंभ का शंखनाद

Blog
 Image

देहरादून। आगामी हरिद्वार कुंभ के भव्य और सेवाभावी आयोजन की दिशा में कदम बढ़ाते हुए रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में ‘नेत्र कुंभ-2027’ का शंखनाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और हंस फाउंडेशन की संस्थापिका माता मंगला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी कुंभ मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों को निशुल्क नेत्र जांच, उपचार और चश्मे उपलब्ध कराना है।

हरिद्वार में आगामी कुंभ-2027 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को नेत्र संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल शुरू हो गई है। इसी क्रम में रविवार को देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज में नेत्र कुंभ-2027 का शंखनाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और हंस फाउंडेशन से जुड़ी माता मंगला ने कार्यक्रम में पहुंचकर इस अभियान को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी हरिद्वार कुंभ में श्रद्धालुओं को मुफ्त चश्मे वितरित करने के साथ ही विभिन्न प्रकार की नेत्र सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नेत्र कुंभ जैसे सेवा आयोजनों का हिस्सा बनना उनके लिए खुशी का विषय है। प्रयागराज कुंभ में इसी तरह के आयोजन के माध्यम से लाखों लोगों को चश्मे और अन्य नेत्र संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गई थीं। उसी तर्ज पर हरिद्वार कुंभ में भी व्यापक स्तर पर नेत्र सेवा अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन का उद्देश्य केवल अपने लिए जीना नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में बेहतर बदलाव लाने का प्रयास करना होना चाहिए। जिस प्रकार नदियां और पेड़ दूसरों के हित में अपना योगदान देते हैं, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को भी समाज के लिए कुछ अच्छा करने की भावना रखनी चाहिए। नेत्रों का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। आंखों के माध्यम से ही हम दुनिया को देखते हैं और अनेक चीजों का ज्ञान प्राप्त करते हैं। इसलिए आंखों को स्वस्थ और सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेत्रों की सेवा करने वाले लोग वास्तव में ईश्वरीय कार्य कर रहे हैं। प्रयागराज, काशी और हरिद्वार जैसे पवित्र तीर्थस्थलों पर सेवा करने का विशेष महत्व है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब किसी बुजुर्ग दादी की आंखों की रोशनी लौटेगी और वह अपने पोते का चेहरा देख सकेगी तो उसके दिल से निकला आशीर्वाद इस अभियान से जुड़े लोगों के लिए सबसे बड़ा प्रतिफल होगा। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि आंख है तो दुनिया है। नेत्रदान को महादान कहा गया है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े संगठन सक्षम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आगामी कुंभ में नेत्र कुंभ के माध्यम से चश्मे वितरित करने की पहल स्वागत योग्य है। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वहीं, हंस फाउंडेशन से जुड़ी माता मंगला ने कहा कि सामाजिक संगठनों के प्रयासों से अनेक बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को नेत्र संबंधी सेवाएं मिल रही हैं। देश में संसाधनों और सामर्थ्य की कमी नहीं है। जरूरत है कि सक्षम लोग आगे आकर जरूरतमंदों की सेवा करें। उन्होंने नेत्र कुंभ को सफल बनाने के लिए सभी से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। राज्य सरकार का प्रयास है कि यह आयोजन धार्मिक परंपराओं के अनुरूप स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सुविधाओं के साथ संपन्न हो। नेत्र कुंभ-2027 इसी दिशा में सेवा और जनकल्याण का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।