Breaking News :
govt-ads

1 दिसंबर को तय होगा रसोई का बजट: तेल कंपनियों के एलपीजी दामों की समीक्षा पर टिकी आम आदमी की नजर

Blog
 Image

नई दिल्ली। दिसंबर महीने की शुरुआत होने में अब महज कुछ ही दिन शेष हैं। कैलेंडर बदलने के साथ ही 1 दिसंबर से देश में कई ऐसे वित्तीय और दैनिक जीवन से जुड़े नियमों में बदलाव होने जा रहा है, जिनका सीधा असर आम आदमी की जेब और बजट पर पड़ेगा। इसमें एसबीआई क्रेडिट कार्ड के ट्रांजैक्शन चार्ज, एलपीजी सिलेंडर की कीमतें, आधार अपडेट और कमोडिटी ट्रेडिंग से जुड़े नियम शामिल हैं।

एसबीआई क्रेडिट कार्ड पर बढ़ेगा खर्च: 1 दिसंबर से एसबीआई क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए कुछ चुनिंदा लेन-देन महंगे होने जा रहे हैं। नए नियमों के तहत, यदि कोई ग्राहक एक बार में 30 हजार रुपये से अधिक का ट्रांसपोर्ट पेमेंट करता है, तो उसे 1 प्रतिशत अतिरिक्त फीस और लागू टैक्स चुकाना होगा। इसके अलावा, पेट्रोल-डीजल या अन्य योग्य फ्यूल पेमेंट की सीमा भी तय की गई है। यदि एक बिलिंग साइकिल में कुल फ्यूल खर्च 50 हजार रुपये से पार जाता है, तो पूरे खर्च पर 1 प्रतिशत का अतिरिक्त चार्ज लगेगा।

एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव संभव: सरकारी तेल विपणन कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय बाजार के आधार पर एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 दिसंबर की सुबह घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के नए दाम जारी हो सकते हैं। हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी होगी या राहत मिलेगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

आधार में मुफ्त ईमेल अपडेट की सुविधा: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आम नागरिकों को राहत देते हुए आधार कार्ड में ईमेल आईडी जोड़ने या अपडेट करने पर लगने वाले 75 रुपये के शुल्क को अस्थायी रूप से माफ कर दिया है। आधार धारक 31 दिसंबर 2026 तक इस निशुल्क सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि फीस की यह छूट केवल आधिकारिक आधार ऐप के माध्यम से ईमेल अपडेट करने पर ही मान्य होगी।

कमोडिटी ट्रेडिंग और पेंशन से जुड़ी अहम जानकारी: शेयर बाजार नियामक सेबी ने कमोडिटी डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग करने वाले निवेशकों के लिए मार्जिन से जुड़े नियमों में संशोधन किया है, जो 1 दिसंबर से प्रभावी होंगे। दूसरी ओर, केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों के लिए नवंबर का आखिरी दिन यानी 30 नवंबर बेहद महत्वपूर्ण है। बिना किसी रुकावट के पेंशन जारी रखने के लिए सभी पेंशनर्स को 30 नवंबर तक अपना वार्षिक लाइफ सर्टिफिकेट (जीवन प्रमाण पत्र) जमा करना अनिवार्य है। ऐसे में दिसंबर शुरू होने से पहले इन सभी नियमों को ध्यान में रखकर अपनी वित्तीय योजना तैयार करना समझदारी होगी।