Breaking News :
govt-ads

मन की बात: नशामुक्त उत्तराखंड के लिए जनभागीदारी जरूरी, युवाओं को जागरूक करने का सीएम धामी ने किया आह्वान

Blog
 Image

देहरादून। रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज परिसर में उस समय उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिकित्सकों, विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 140वां संस्करण सुना। कार्यक्रम के प्रसारण के दौरान प्रधानमंत्री ने नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, साइबर सुरक्षा, जनसेवा तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण जैसे समसामयिक और संवेदनशील विषयों पर अपने विचार साझा किए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 140वां संस्करण सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, साइबर सुरक्षा, जनसेवा तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के संदेशों को सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को अनिवार्य बताया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देशवासियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने वाला सशक्त मंच है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों, जनसेवा के कार्यों और समाज के लिए प्रेरणादायी प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। इससे आम नागरिकों को भी समाज और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा आज समाज के सामने गंभीर चुनौती है। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों को मिलकर प्रयास करने होंगे। केवल सरकारी प्रयासों से नशामुक्त समाज का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नशामुक्ति संबंधी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार है। लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में चिकित्सकों और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों को उपचार के साथ-साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करना चाहिए। प्रधानमंत्री द्वारा साइबर सुरक्षा और भारतीय कला-संस्कृति के संरक्षण जैसे विषयों पर दिए गए संदेशों को भी मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना और अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज एवं राष्ट्र की उन्नति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनसहभागिता से ही स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।