Breaking News :
govt-ads

देहरादून में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई एसडीएम और डिप्टी कलेक्टरों के कार्यक्षेत्र बदले

Blog
 Image

देहरादून। राजधानी देहरादून की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने डिप्टी कलेक्टरों (उप-जिलाधिकारियों) के कार्यक्षेत्रों में बड़ा फेरबदल किया है। जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के तहत जिले की प्रमुख तहसीलों और प्रशासनिक पदों पर तैनात कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए उन्हें नई तैनाती दी गई है। इस फेरबदल के बाद देहरादून सदर, मसूरी, ऋषिकेश, डोईवाला, विकासनगर और चकराता में प्रशासनिक कामकाज की कमान अब नए अधिकारियों के हाथों में आ गई है।

प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में देहरादून जिले में जिलाधिकारी ने डिप्टी कलेक्टरों और उप जिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। लंबे समय से खाली चल रहे पदों और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए किए गए इस फेरबदल में सदर, डोईवाला, मसूरी, चकराता, विकासनगर और ऋषिकेश जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। नए आदेश के बाद जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में जिम्मेदारियों का नया बंटवारा हो गया है। जारी आदेश के अनुसार, अपूर्वा सिंह को देहरादून सदर की जिम्मेदारी से हटाकर डोईवाला का डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, मुकेश रमोला को देहरादून सदर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव के साथ सदर क्षेत्र में प्रशासनिक कामकाज की कमान अब मुकेश रमोला संभालेंगे। आईएएस अधिकारी हर्षिता सिंह को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मसूरी नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह देहरादून में न्यायिक कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। उनकी नई तैनाती को मसूरी क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, रविंद्र कुमार जुवांठा से देहरादून में प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी वापस लेते हुए उन्हें चकराता भेजा गया है। चकराता में लंबे समय से तैनात प्रेमलाल को अब देहरादून में प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त अभय प्रताप सिंह को विकासनगर और राजकुमार पांडे को ऋषिकेश का डिप्टी कलेक्टर नियुक्त किया गया है। दरअसल, हाल के दिनों में देहरादून जिले में कुछ नए डिप्टी कलेक्टरों की तैनाती हुई थी। वहीं, तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के कारण कई अधिकारियों का दूसरे जिलों में स्थानांतरण कर दिया गया था। इसके चलते डोईवाला, ऋषिकेश और विकासनगर समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के बाद इन पदों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद जिले की विभिन्न तहसीलों और उप जिलाधिकारी स्तर पर कामकाज का नया ढांचा तैयार हुआ है। अब संबंधित अधिकारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में राजस्व, जनसमस्याओं के निस्तारण और प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को जिले की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।