रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के हॉस्टल की मेस में मांसाहार भोजन बनाए जाने के विरोध में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आइआइटी रुड़की के मेन गेट में एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ अपना आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने यहां पर लगी बैरिकेडिंग भी तोड़ दी और मेन गेट से अंदर आने का प्रयास किया। इस दौरान संस्थान के सुरक्षाकर्मियों और पुलिस कर्मियों ने कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोका। वहीं संस्थान के मेन गेट को बंद कर दिया गया। इसके बाद अभाविप कार्यकर्ताओं ने मेन गेट के बाहर खड़े होकर आइआइटी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अभाविप के कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में छात्रों को मांसाहारी भोजन नहीं परोसने दिया जाएगा। इस दौरान आइआइटी प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मेस में मांसाहार भोजन बनाने के लिए अलग से व्यवस्था की जा रही है। विदित है कि कुछ दिन पहले हिंदू संगठन की ओर से भी इसके विरोध में प्रदर्शन किया गया था। मंगलवार को प्रदर्शन करने वालों में अभाविप के जिला प्रमुख गीतेंद्र, विशाल, गोविंद, जितेंद्र, रवि आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।
Israr Ahmad
संपादक