रुड़की। फायरिंग मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपियों के पास से पिस्टल और दो कारतूस भी बरामद हुए हैं। इस मामले में महिला समेत छह के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
बता दें कि सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के इस्लामनगर मोहल्ले में 23 जुलाई 2022 को छत पर चढ़कर बिजली का तार जोड़ने को लेकर विवाद हो गया था। जिसमें खुशनूद त्यागी ने अपने साथियों के साथ खराद मशीन पर काम करने वाले कर्मचारी पर हमला कर दिया था। इसके बाद खुशनूद त्यागी ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इसके बाद आरोपित फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने खुशनूद त्यागी समेत छह पर मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही थी। देर शाम उप निरीक्षक संजय नेगी ने दबिश देकर इस मामले में हिस्ट्रीशीटर खुशनूद त्यागी निवासी ढंडेरा हाल निवासी इस्लामनगर और रिजवान निवासी बंदा रोड को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की धरपकड़ में अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है।
Israr Ahmad
संपादक