रूड़की: उत्तराखंड प्रदेश के पूर्व मंत्री और उनके बेटे संजीव आर्य पर हल्द्वानी में हुए हमले के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उबाल है। इसी क्रम में रुड़की के चंद्रशेखर चौक पर रविवार को नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा भाजपा सरकार का पुतला फूंका गया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान पूर्व मेयर यशपाल राणा ने कहा कि भाजपा सरकार दलित विरोधी है जिसका चेहरा बेनकाब हो चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जन विरोधी के साथ-साथ दलित विरोधी भी है जो लगातार कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले करा रही है। इस मौके पर कांग्रेसियों ने जोरदार नारेबाज़ी करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।
इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हंसराज सचदेवा ने कहा कि भाजपा सरकार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं पर हमले हो रहे हैं। भाजपा सरकार कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता से बौखला गई है, जिसके चलते आए दिन प्रदेश में कांग्रेस नेताओं पर हमले हो रहे है। यशपाल आर्य और उनके पुत्र संजीव आर्य पर हमला भी इसका एक उदाहरण है। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता रजनीश शर्मा ने कहा कि पूर्व मंत्री यशपाल आर्य और विधायक संजीव आर्य पर हुआ हमला भाजपा की बौखलाहट का जीता जागता उदाहरण है जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का परचम लहरायेगा और कांग्रेस पार्टी की इस बार सरकार बनेगी।