देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा हाल ही में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के लिए जारी की गई वित्तीय स्वीकृतियां इसी दूरदर्शी सोच और कार्यसंस्कृति का प्रमाण हैं। गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक, नर्सरियों के आधुनिकीकरण से लेकर सड़कों के जाल और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तक फैली ये योजनाएं इस बात का संकेत हैं कि राज्य सरकार विकास की रोशनी को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है। इन फैसलों के तहत ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरियों में सिंचाई व्यवस्था स्थापित की जाएगी। वहीं, देहरादून, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और चंपावत में जनसुविधाओं, सड़क निर्माण, मंदिरों और मेला स्थलों के विकास से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरियों में सिंचाई प्रणाली स्थापित करने के लिए कुल 78.50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसमें पौड़ी जिले की एक नर्सरी के लिए 14.53 लाख रुपये और देहरादून जिले की नौ नर्सरियों के लिए 63.97 लाख रुपये शामिल हैं। सिंचाई व्यवस्था विकसित होने से पौधों के संरक्षण और उनके बेहतर विकास में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण से जुड़े प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी। देहरादून जिले में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के सुद्धोवाला में जनमिलन केंद्र भवन निर्माण के लिए अवशेष 40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अठूरवाला स्थित टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर निर्माण के लिए 96.79 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इसमें पहली किस्त के रूप में 58.07 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है। इसी तरह, ग्राम माजरी ग्रांट में वैश्वनी मंदिर पुल के पास लालतप्पड़ से गोरखा बस्ती सागर आदि के घरों तक लगभग दो किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य के लिए 1.37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि पहली किस्त के रूप में 81.97 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। सड़क बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में शिव मंदिर, अंजनिया के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भूमिया मंदिर गैंठन से कालसिन मंदिर और देवी ग्राम (खूनी गांव) तक सड़क निर्माण के प्रथम चरण के लिए 92.32 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इस कार्य के लिए पहली किस्त के रूप में 55.39 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पचनई में भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि मंजूर करने का अनुमोदन किया गया है। इससे धार्मिक आयोजन स्थल की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री के इन फैसलों में पर्यावरण संरक्षण से लेकर ग्रामीण संपर्क मार्गों और धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों के विकास तक कई क्षेत्रों को शामिल किया गया है। अब इन स्वीकृत योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के लिए अहम चुनौती होगी।

