हरिद्वार। भारतीय शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष देशभर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। परिणामों में छात्रों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का स्पष्ट प्रभाव देखने को मिला है। कक्षा 10वीं में ऑल इंडिया स्तर पर पहला स्थान अश्मिता बसनेट ने 485/500 (97.00%) अंक प्राप्त कर हासिल किया। वह असम के आचार्यकुलम, कुमारीकट्टा की छात्रा हैं। दूसरे स्थान पर प्रियंम चक्रवर्ती (463/500, 92.60%) और तीसरे स्थान पर एंजेल (462/500, 92.40%) रहीं, जो उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल स्थित पतंजलि गुरुकुलम की छात्रा हैं। विषयवार प्रदर्शन में भी छात्रों ने शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। गणित, अंग्रेजी और विज्ञान में अश्मिता बसनेट ने क्रमशः 97, 97 और 96 अंक प्राप्त किए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में ज्विशामत बसुमतारी ने 99 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान पाया। सूचना प्रौद्योगिकी में रमाशीष (92) पतंजलि गुरुकुलम हरिद्वार से अव्वल रहीं, जबकि हिंदी में एंजेल (94) ने बाजी मारी।
संस्कृत विषय में प्रगति सिन्हा, रुचि कुमारी और वैष्णवी पंचोली ने 100 में 100 अंक हासिल कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। सामाजिक विज्ञान में अश्मिता बसनेट और सेविका देवी (97) संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहीं। कक्षा 12वीं में ऑल इंडिया स्तर पर प्रथम स्थान उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल स्थित पतंजलि गुरुकुलम की मल्लिका दास ने 481/500 (96.20%) अंक के साथ प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर प्रिया (474/500, 94.80%) और तीसरे स्थान पर अंशिका चौहान (473/500, 94.60%) रहीं, जो दोनों हरिद्वार के पतंजलि गुरुकुलम से हैं। विषयवार परिणामों में कंप्यूटर साइंस में मल्लिका दास (93), अंग्रेजी में काशिश यादव (95) और इतिहास में दीक्षित्ता मौर्य (96) ने शीर्ष स्थान हासिल किया। हिंदी में अनुष्का सिंह ने 99 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 90 और 99 अंक हासिल किए। पेंटिंग विषय में आस्था सिंह पटेल ने 100 में 100 अंक प्राप्त कर पूर्णांक हासिल किया। अर्थशास्त्र में वेद भानु प्रधान (90) और संगीत में अमन देवी व स्यामिन पौडेल (99) अव्वल रहे। योग और उत्तराखंड विषय में अंशिका चौहान व श्रद्धा जायसवाल ने 99 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि बोर्ड परीक्षाएं 5 मार्च से 29 मार्च तक देशभर में आयोजित की गई थीं। परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी, जिसके चलते कम समय में परिणाम घोषित कर दिए गए। बोर्ड ने सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही यह विश्वास जताया है कि विद्यार्थी भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन करेंगे। इस बार के परिणामों में खासतौर पर उत्तराखंड के छात्रों का दबदबा देखने को मिला, जिससे प्रदेश के शिक्षा स्तर और संस्थानों की गुणवत्ता का भी पता चलता है।

