Breaking News :

'लाटी' की कला में दिखी देवभूमि की आस्था: पीएम मोदी को भेंट किया गया नंदा देवी राजजात का विशेष प्रतीक, धोनी भी हैं मुरीद

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कला की गूँज एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर सुनाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड आगमन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें एक ऐसा स्मृति चिह्न भेंट किया, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यह विशेष स्मृति चिह्न नंदा देवी राजजात की गौरवशाली परंपरा से प्रेरित है, जिसे प्रदेश की उभरती युवा कार्टूनिस्ट और कलाकार कंचन जदली, जिन्हें दुनिया 'लाटी' के नाम से जानती है, ने तैयार किया है।

मूल रूप से पौड़ी जिले के कोटद्वार की रहने वाली कंचन जदली ने इस स्मृति चिह्न को तैयार करने के लिए कई महीनों तक कड़ा परिश्रम किया। इस कलाकृति में उत्तराखंड की सबसे बड़ी सांस्कृतिक यात्रा 'नंदा देवी राजजात' के प्रतीकों को बड़ी सूक्ष्मता से उकेरा गया है। कंचन के अनुसार, "नंदा देवी राजजात केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि देवभूमि की अटूट आस्था और परंपरा का प्रतीक है। मेरा प्रयास था कि प्रधानमंत्री जी को भेंट किए जाने वाले इस उपहार में उत्तराखंड की आत्मा रची-बसी हो। यह पहली बार नहीं है जब कंचन की कला ने दिग्गजों का दिल जीता हो। इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी कंचन द्वारा बनाए गए पहाड़ी लोकपर्व के कार्टूनों को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा कर चुके हैं। कंचन अपने 'लाटी' किरदार के माध्यम से पहाड़ी परिवेश, लोक संस्कृति और सामाजिक विषयों पर गुदगुदाती पंचलाइन और चित्र उकेरती हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी कंचन की कला के बड़े प्रशंसक हैं। साल 2023 में उत्तराखंड प्रवास के दौरान धोनी ने कंचन से वीडियो कॉल पर बात की थी और उनके कार्टूनों को 'बेहद सुंदर' बताते हुए उन्हें अपने दिल्ली स्थित आवास पर पार्सल करने का आग्रह किया था। 'कैप्टन कूल' ने तब कहा था कि कंचन की पंचलाइनें उन्हें उनके गाँव के दिनों की याद दिलाती हैं। कंचन जदली अपनी कला के जरिए नई पीढ़ी को उत्तराखंड की संस्कृति से जोड़ रही हैं। उनके बनाए पहाड़ी कार्टून और व्यंग्य सोशल मीडिया पर बेहद लोकप्रिय हैं। प्रधानमंत्री को भेंट किए गए इस स्मृति चिह्न ने न केवल कंचन की कला को नई ऊँचाई दी है, बल्कि उत्तराखंड की पारंपरिक हस्तकला और गौरवशाली इतिहास को भी वैश्विक पहचान दिलाने का काम किया है।