Breaking News :

दून में कानून व्यवस्था पर सियासी संग्राम: सड़कों पर उतरा कांग्रेस का हुजूम, पुलिस मुख्यालय को घेरा, 16 फरवरी को राजभवन घेराव की चेतावनी

Blog
 Image

देहरादून में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और पुलिस मुख्यालय (PHQ) का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने 16 फरवरी को राजभवन घेराव की चेतावनी देते हुए सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन का ऐलान किया। राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला। जैसे ही प्रदर्शनकारी पुलिस मुख्यालय की ओर बढ़े, सुभाष रोड पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी धक्का-मुक्की हुई। कुछ नेता और कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार करने में सफल रहे, लेकिन आगे दूसरी सुरक्षा घेरा में उन्हें रोक लिया गया।

प्रदर्शन में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला भी मौजूद रहे। नेताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राज्य की कानून व्यवस्था को पूरी तरह विफल बताया। गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध बेलगाम हो चुके हैं और सरकार भ्रष्टाचार में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा छोड़कर सरकार के इशारों पर काम कर रही है। कांग्रेस ने इसे “सांकेतिक चेतावनी” बताते हुए 16 फरवरी को भारी संख्या में राजभवन घेराव का ऐलान किया। वहीं हरक सिंह रावत ने कहा कि देहरादून, जिसे कभी शांत और सुरक्षित शहर माना जाता था, अब अपराध की घटनाओं से दहला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ हैं और पुलिस प्रशासन खनन व भू-माफियाओं पर मेहरबान है। कांग्रेस के इस आक्रामक रुख से प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। अब सबकी नजर 16 फरवरी के प्रस्तावित राजभवन घेराव पर टिकी है, जो आने वाले दिनों में सियासी तापमान और बढ़ा सकता है।