उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद में होली से पहले चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और एक वांछित नशा तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। फायरिंग के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस अभिरक्षा में है। घटना रविवार देर रात की है। पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम होली के मद्देनजर कच्ची शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। शहर के इंद्रा चौक, मुख्य बाजार और डीडी चौक समेत प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सुभाष कॉलोनी निवासी नदीम उर्फ नजीम उर्फ नाजिम पुत्र कल्लू बिना नंबर प्लेट की बाइक से सिडकुल क्षेत्र की ओर से हल्द्वानी की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पारले चौक स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास नाकेबंदी कर दी। बागवाला/बिंदुखेड़ा बाईपास की ओर से आ रही संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की और अनियंत्रित होकर गिर गया। पुलिस का कहना है कि गिरने के बाद आरोपी ने 315 बोर के तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिसकर्मियों को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। इस दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेरकर पकड़ लिया। तलाशी में आरोपी के पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और 4,100 रुपये नकद बरामद किए गए। साथ ही बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की बाइक और एक लाल हेलमेट भी कब्जे में लिया गया। अजय गणपति, एसएसपी ऊधम सिंह नगर ने बताया कि आरोपी पहले भी पुलिस टीम पर पथराव और जानलेवा हमले के मामले में वांछित था। एक फरवरी को सुभाष कॉलोनी में नशा तस्करी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर नदीम और उसके साथियों ने पथराव किया था, जिसमें एक कांस्टेबल घायल हो गया था। इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि नदीम फरार चल रहा था। घायल आरोपी को जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ धारा 109 बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य संभावित साथियों की तलाश में भी जुटी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

