बूथ और मंडल स्तर की मशीनरी मजबूत करेगा पंडित दीनदयाल महाप्रशिक्षण

Blog
 Image

मिशन-2027 को केंद्र में रखते हुए उत्तराखंड की राजनीति में अपनी जमीनी पकड़ और अधिक मजबूत करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने व्यापक चुनावी ड्रिल शुरू करने की तैयारी कर ली है। इसी कड़ी में पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के माध्यम से राज्यभर में कार्यकर्ताओं को संगठित, प्रशिक्षित और वैचारिक रूप से सशक्त बनाने जा रही है। भाजपा का उद्देश्य एक ऐसी कैडर आधारित ताकत तैयार करना है, जो चुनावी प्रबंधन में दक्ष होने के साथ-साथ विपक्ष के राजनीतिक नैरेटिव और रणनीतियों का प्रभावी जवाब दे सके।

महाप्रशिक्षण अभियान की औपचारिक शुरुआत 17 फरवरी को देहरादून में आयोजित प्रांतीय कार्यशाला से होगी। इसके बाद सात से 20 मार्च तक प्रदेश के सभी 304 मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान दिल्ली में पांच फरवरी को हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यशाला के बाद तय रोडमैप के अनुसार संचालित किया जा रहा है, जिसे उत्तराखंड भाजपा अब पूरी तरह धरातल पर उतारने में जुट गई है। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के संयोजकत्व में छह सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति में प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, हिमांशु संगतानी, रमेश चौहान, ऋषि कंडवाल और प्रदीप बिष्ट को शामिल किया गया है। यह समिति प्रशिक्षण की रूपरेखा, विषयवस्तु और निगरानी की जिम्मेदारी संभालेगी। भाजपा का मानना है कि हाल के वर्षों में पार्टी से जुड़े लाखों नए सदस्यों को केवल संगठन से जोड़ना पर्याप्त नहीं है। उन्हें पार्टी की मूल विचारधारा, एकात्म मानववाद, अंत्योदय और अनुशासित संगठनात्मक संस्कृति से जोड़ना भी उतना ही आवश्यक है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर महाप्रशिक्षण अभियान को व्यापक और बहुस्तरीय बनाया गया है। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के अनुसार प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीति-नीति, इतिहास और उपलब्धियों के साथ-साथ पहाड़ की पहचान, राष्ट्रवाद, समाज के प्रति दायित्वबोध, इंटरनेट मीडिया के प्रभावी उपयोग, चुनाव प्रबंधन और विपक्ष के नैरेटिव का काउंटर करने जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं और निर्णयों की जानकारी भी दी जाएगी। प्रथम चरण में मंडल स्तर पर प्रशिक्षण के बाद अगले चरण में सभी 19 सांगठनिक जिला इकाइयों, विधायकों, निकाय और पंचायत प्रतिनिधियों के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। वहीं बूथ और शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ताओं के लिए वर्चुअल प्रशिक्षण की भी योजना बनाई जा रही है। भाजपा का विश्वास है कि यह महाप्रशिक्षण अभियान संगठन को नई धार देगा और 2027 के चुनावी रण में पार्टी को निर्णायक बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।