Breaking News :
govt-ads

गौचर मेले से सीएम धामी का बड़ा ऐलान: सिमली महिला अस्पताल के उच्चीकरण के लिए केंद्र को भेजेंगे प्रस्ताव, जल्द बनेगी समिति

Blog
 Image

उत्तराखंड की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक 74वें राजकीय औद्योगिक, सांस्कृतिक एवं विकास मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भव्य शुभारंभ किया। मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए सिमली महिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित करने की दिशा में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का ऐलान किया। साथ ही सिमली अस्पताल से जुड़े मामले के समाधान के लिए जल्द समिति गठित करने की बात कही। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिमली महिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए राज्य सरकार केंद्र के समक्ष प्रस्ताव रखेगी। इसके साथ ही अस्पताल से संबंधित विषयों पर विचार और आवश्यक कार्रवाई के लिए समिति गठित की जाएगी। चमोली और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की लंबे समय से उठ रही मांग के बीच इन घोषणाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने गौचर मेले को उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1943 में इस मेले की शुरुआत भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी। उस दौर में गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। समय के साथ यह आयोजन औद्योगिक, सांस्कृतिक और विकास मेले के रूप में विस्तारित हुआ और आज देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को धरातल पर उतारने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को रोजगार के लिए अपने गांव और क्षेत्र से पलायन न करना पड़े। इसके लिए कृषि, बागवानी, पशुपालन और पर्यटन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। चमोली के ऊनी हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।

मुख्यमंत्री ने चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को चमोली जनपद के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से आवागमन, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 37 करोड़ रुपये से अधिक लागत की दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें अमृत 2.0 के अंतर्गत 32.45 करोड़ रुपये की गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा 459.32 लाख रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत का कार्य शामिल है। इन योजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026 तथा वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया और संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का शुभंकर भेंट किया। गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया।