Breaking News :

सितारगंज पुलिस ने नए क्रूर हमले के बाद पहले समझौते में खत्म हुए घरेलू शोषण के दावों का रिकॉर्ड फिर से खोला

Blog
 Image

सितारगंज। उधमसिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक विवाहिता ने अपने ही पति पर क्रूरता की सारी हदें पार करने, अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न और जान से मारने के प्रयास का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला के अनुसार, उसका निकाह 27 अप्रैल 2025 को मुस्लिम रीति-रिवाज के साथ कठंगरी निवासी वसीम अंसारी से हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति का व्यवहार बदल गया। वह छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज करता और महिला को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। सामाजिक लोकलाज के डर से पीड़िता अब तक खामोश रही, लेकिन बीती 11 अप्रैल की सुबह पति की दरिंदगी ने रूह कंपा देने वाला मोड़ ले लिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 11 अप्रैल की अलसुबह करीब 4 बजे आरोपी पति ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसका बायां हाथ टूट गया। शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। इसके बाद भी आरोपी का दिल नहीं पसीजा और उसने पीड़िता की मर्जी के खिलाफ उसके साथ जबरन अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए। जब पीड़िता ने इस हैवानियत का विरोध किया, तो आरोपी ने उसका गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। जाते-जाते आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो अंजाम बुरा होगा। पीड़िता का कहना है कि पूर्व में भी उसने शिकायत की थी, लेकिन तब दबाव में समझौता करना पड़ा। हालांकि, इस बार उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और साक्ष्य के तौर पर फोटो व वीडियो भी उपलब्ध कराए हैं। क्षेत्राधिकारी बीएस धौनी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी वसीम अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें मामले की विस्तृत जांच कर रही हैं और जल्द ही विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।