नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हिन्दू युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में देशभर में आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की मांग उठा रहे हें। इस बीच रविवार को दिल्ली नगर निगम ने एक आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया है। जानकारी के अनुसार होली के दिन उत्तम नगर में जब इस वारदात को अंजाम दिया गया, तो पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। विरोध प्रदर्शन के दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी भी की गई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमरुद्दीन, जमालुद्दीन, मुस्ताक, कमरुद्दीन, मुजफ्फर और ताहिर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी उत्तम नगर के ही रहने वाले हैं। मामले के अनुसार बुधवार रात करीब 11 बजे पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल में बताया गया कि दो पड़ोसी परिवारों के बीच झगड़ा हो गया है। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो पता चला कि एक लड़की ने कथित तौर पर दूसरी महिला पर पानी का गुब्बारा फेंक दिया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस झड़प में आठ लोग घायल हो गए। इनमें एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के पांच लोग शामिल थे। घायलों में 26 वर्षीय तरुण गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 110 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है। बता दें कि इस घटना ने काफी तूल पकड़ा हुआ है और मामले ने सांप्रदायिक रंग भी ले लिया था।

