देहरादून। बीते वर्ष पेपर लीक के चलते रद्द की गई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने परीक्षा की नई तिथि घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा आगामी 17 मई को आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही तकनीकी पदों की भर्ती परीक्षा तीन मई को कराई जाएगी।
आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 सितंबर 2025 को पटवारी, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी सहित अन्य स्नातक स्तरीय पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। हालांकि, एक परीक्षा केंद्र पर नकल का मामला सामने आने के बाद आयोग ने पूरी परीक्षा को निरस्त कर दिया था। इस फैसले के बाद प्रदेशभर में अभ्यर्थियों में आक्रोश देखने को मिला था। अब आयोग ने पुनः परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लेते हुए 17 मई की तिथि तय की है। लंबे समय से नई परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में तकनीकी अर्हता से जुड़े 18 प्रकार के पदों के लिए भी भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। इन पदों के लिए तीन मई को परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 5872 अभ्यर्थी शामिल होंगे। खास बात यह है कि इन तकनीकी पदों की परीक्षा आधुनिक तकनीक के तहत टैबलेट के माध्यम से कराई जाएगी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। पेपर लीक प्रकरण के बाद प्रदेशभर में युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किए थे और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के बीच पहुंचकर उन्हें भरोसा दिलाया था और मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। अब नई परीक्षा तिथि घोषित होने के साथ ही आयोग ने साफ संकेत दिए हैं कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाएगा। अभ्यर्थियों को भी उम्मीद है कि इस बार बिना किसी विवाद के परीक्षा संपन्न होगी।

