रुड़की के कृष्णा नगर मोहल्ले में कुछ मकानों पर यह मकान बिकाऊ है के बोर्ड लगाए गए हैं। दरअसल कॉलोनी वासी पिछले लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान हैं, लोगों ने गली में पलायन का बोर्ड भी लगा दिया है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अगर 1 हफ्ते के अंदर समाधान नहीं हुआ तो वह बच्चों के साथ अनशन पर बैठेंगे।
बताते चलें कि कृष्णा नगर क्षेत्र झबरेड़ा विधानसभा के साथ-साथ रुड़की नगर निगम क्षेत्र में भी आता है, वहीं कृष्णा नगर की गली नंबर 25 में लम्बे समय से जलभराव की समस्या चली आ रही है। क्षेत्र के लोगों के अनुसार समस्या के समाधान के लिए उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों और झबरेड़ा विधायक को कई बार लिखित में शिकायत की है लेकिन कोई समाधान नही हो पाया। इसलिए अब कॉलोनी के लोग पलायन करने को मजबूर हैं।
क्षेत्रीय निवासी मेघा सैनी ने बताया कि जलाभराव की समस्या के कारण बच्चों का घरों से बाहर निकलना दुर्भर हो गया है इसके साथ ही घरों में गंदगी और बदबू रहती है। वहीं बीमारियों का खतरा भी बना रहता है, उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय पार्षद व विधायक कई बार आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन आज तक कोई हल नही हुआ है। वहीं राजीव का कहना है कि गली में पानी भरा होने के कारण कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, अक्सर आने जाने वालों के कपड़े भी खराब हो जाते हैं, उन्होंने कहा कि इसी कारण गली के सभी निवासी पलायन को मजबूर हैं। कुछ ने तो अपने घरों के बाहर मकान बिकाऊ के बोर्ड लगा भी दिए हैं। इस दौरान गली निवासियों ने विधायक और निगम के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि अगर एक सप्ताह में समाधान नही हुआ तो अनशन करने को मजबूर होंगे।