किच्छा कम्युनिटी हॉल निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति: ऊधमसिंह नगर में स्थानीय बुनियादी ढांचे का विकास

Blog
 Image

हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियां अब रफ्तार पकड़ रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में प्रस्तावित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर-2 (CCR-2) भवन के निर्माण के लिए 50.27 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली किस्त के रूप में 20.11 करोड़ रुपये जारी करने को भी मंजूरी दी गई है। यह परियोजना कुंभ मेला के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सीएम धामी ने निर्देश दिए हैं कि सभी स्थायी निर्माण कार्य अक्टूबर 2026 तक पूरे कर लिए जाएं। CCR-2 भवन मौजूदा मेला नियंत्रण भवन (CCR) के निकट बनाया जाएगा, जो 2004 में निर्मित पुराने सेंटर की जगह लेगा। नए भवन में आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक कंट्रोल और एकीकृत कमांड सिस्टम होगा। खास बात यह है कि भवन की छत पर हेलीपैड भी बनेगा, जिससे आपात स्थिति में हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू, भीड़ प्रबंधन और निकासी आसान हो सकेगी। यह सेंटर न केवल कुंभ 2027, बल्कि कांवड़ यात्रा और अन्य प्रमुख स्नान पर्वों के प्रबंधन में भी उपयोगी साबित होगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास और आपदा प्रबंधन कार्यों को मंजूरी दी है। ऊधमसिंह नगर के किच्छा में कम्यूनिटी हॉल निर्माण के लिए 5 करोड़ (पहली किस्त 50 लाख), पिथौरागढ़ के विभिन्न ग्रामों में मंदिर सौंदर्यीकरण, मेला स्थल निर्माण और आंतरिक सीसी मार्गों के लिए कुल करीब 2.78 करोड़ (पहली किस्तों में 1.65 करोड़) स्वीकृत किए गए हैं। आपदा न्यूनीकरण मद में चंपावत के शारदा नदी तटबंध कार्य के लिए 4.64 करोड़ और रुद्रपुर नगर निगम कार्यालय पुनर्निर्माण के लिए 15.74 करोड़ की मंजूरी दी गई। देहरादून में शहरी विकास निदेशालय कार्यालय भवन और पेयजल परियोजनाओं के लिए भी करोड़ों की राशि स्वीकृत की गई है। ये स्वीकृतियां कुंभ 2027 को दिव्य-भव्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। केंद्र से भी 500 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं, जिससे घाटों का सौंदर्यीकरण, यातायात, पेयजल और स्वच्छता पर फोकस बढ़ेगा। हरिद्वार में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। कुंभ मेलाधिकारी ने कार्य एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे हों।