एक अप्रैल से दून एयरपोर्ट पर पहली नाइट फ्लाइट, बंगलूरू के लिए सीधी सेवा शुरू

Blog
 Image

देहरादून। एयर इंडिया एक्सप्रेस एक अप्रैल से देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से पहली बार नियमित नाइट फ्लाइट सेवा शुरू करने जा रही है। यह उड़ान बेंगलुरु के बीच संचालित होगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। एयरलाइन के समर शेड्यूल के तहत बेंगलुरु से यह फ्लाइट शाम 5:25 बजे उड़ान भरेगी और लगभग तीन घंटे पांच मिनट के सफर के बाद रात 8:30 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में यह विमान देहरादून से रात 9:00 बजे उड़ान भरकर करीब 12:05 बजे देर रात बेंगलुरु पहुंचेगा। इस रूट पर एक तरफ का किराया 9198 रुपये निर्धारित किया गया है।

फिलहाल यह सेवा एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक संचालित की जाएगी। हालांकि, यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए इसे आगे नियमित रूप से जारी रखने पर भी विचार किया जा सकता है। एयरपोर्ट सूत्रों का कहना है कि यात्रा और पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए अन्य एयरलाइंस भी भविष्य में नाइट फ्लाइट शुरू कर सकती हैं। एयरपोर्ट निदेशक भूपेश सीएच नेगी के अनुसार, दून एयरपोर्ट को डीजीसीए द्वारा 9 फरवरी 2012 को नाइट लैंडिंग की अनुमति मिल चुकी थी। इसके बाद से सेना और निजी चार्टर्ड विमान रात में संचालित होते रहे हैं, लेकिन अब पहली बार कोई एयरलाइन नियमित शेड्यूल के तहत नाइट फ्लाइट शुरू कर रही है। मार्च के अंत से समर शेड्यूल लागू होने के साथ ही उड़ानों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है, जिससे पर्यटन और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।