बजट सत्र के बीच मुख्यमंत्री का पहाड़ी अवतार: भराड़ीसैंण के ढाबे पर स्थानीय लोगों से संवाद

Blog
 Image

ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण में चल रहे विधानसभा बजट सत्र के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार सुबह सैर पर निकले और इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर सरकारी योजनाओं का फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री का यह सहज और जनसंवाद वाला अंदाज लोगों को खासा पसंद आया।

सुबह की सैर के दौरान मुख्यमंत्री धामी पूर्व ग्राम प्रधान चंद्र सिंह के प्रतिष्ठान पर पहुंचे, जहां उन्होंने चाय की चुस्कियों का आनंद लिया। इस दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोगों से उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने लोगों से खुलकर अपनी राय और सुझाव देने का आग्रह किया। सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि पहाड़ी क्षेत्रों का विकास पर्यावरण और अर्थव्यवस्था के संतुलन को ध्यान में रखते हुए किया जाए। उन्होंन कहा कि सरकार “इकोलॉजी और इकॉनमी” के बेहतर समन्वय के साथ उत्तराखंड के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गांवों तक बेहतर सड़क सुविधा, स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अचानक पहुंचने से स्थानीय लोग भी उत्साहित नजर आए और उन्होंने अपने क्षेत्र की जरूरतों और समस्याओं को सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखा। बजट सत्र से पहले इस तरह का जनसंवाद सरकार के जमीनी स्तर पर फीडबैक लेने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।